तीर से जानलेवा हमला, भूमि विवाद में चचेरे भाई ने वार्ड सदस्य को मारा तीन तीर, हालत गंभीर
Chaibasa ः गुवा थाना अंतर्गत नुईया गांव में सोमवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब भूमि विवाद में चचेरे भाई ने ही वार्ड सदस्य पर तीर से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में वार्ड सदस्य सोमनाथ चाम्पिया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमलावर का नाम गालू चाम्पिया है, जो पीड़ित का चचेरा भाई बताया जा रहा है। हमले में सोमनाथ के पीठ, जांघ और हाथ में तीन तीर लगे। हाथ व जांघ में लगे तीर शरीर को भेदते हुए पार हो गए, जबकि पीठ में लगा तीर शरीर में फंसा रहा। गंभीर हालत में उन्हें सेल की गुवा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीर निकालने में सफलता पाई। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल सोमनाथ चाम्पिया ने बताया कि हमले से पहले उसका गालू चाम्पिया से किसी प्रकार की बहस या विवाद नहीं हुआ था। हम घर जा रहें थे वह झाड़ियों में छुपा हुआ था और वह अचानक तीर-धनुष लेकर आया और हमला कर दिया।
सोमनाथ के अनुसार, गालू की मंशा स्पष्ट तौर पर हत्या करने की थी। घटना के बाद गांव के मुंडा दुरसू चाम्पिया ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पुराना जमीन विवाद चला आ रहा है। इससे पहले भी गालू चाम्पिया धारदार हथियार से सोमनाथ पर हमला करने की कोशिश कर चुका है, जिसमें सोमनाथ बाल-बाल बच गया था। घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए गालू चाम्पिया को तीर-धनुष के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वार्ड सदस्य सोमनाथ चाम्पिया ने हिम्मत दिखाते हुए आसपास के लोगों को खुद घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।