मुसाबनी: झारखंड सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए जारी नियमावली Outsourcing Manual 2025 के विरोध में झारखंड राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ द्वारा निर्धारित चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आज झारखंड राज्य के सभी आउटसोर्स कर्मचारी सचिवालय से लेकर प्रमंडल/जिला/प्रखंड/अंचल एवं सभी क्षेत्रीय कार्यालयों तक में काला बिल्ला लगाकर कर्मचारी कार्य करते दिखें।
कर्मचारियों का कहना है कि इस नियमावली में पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया है। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार इसमें संशोधन करते हुए 60 वर्ष तक सेवा सुरक्षा और वित्त विभाग के आलोक में संविदा कर्मियों के समान वेतन भुगतान करने का प्रावधान शामिल किया जाय।
बता दें कि इस नियमावली को सभी ने कर्मचारी विरोधी नियमावली बताया और इसके विरोध में झारखंड के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों से भारी संख्या में एकसाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चाहे वो सफाई कर्मी हो, चाहे, कम्प्यूटर ऑपरेटर, अमीन, चालक, माली, रसोइया, स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मी से लेकर तकनीकी कर्मी सभी ने इस बार सरकार से अपनी मांगे मनवाने की ठान ली है।
चरणबद्ध आन्दोलन निम्न प्रकार है:-
1. दिनांक-09, 10 एवं 11 जून 2025 कुल-03 दिन काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
2. दिनांक-11 जून, 2025 को संध्या 06ः00 बजे जिला मुख्यालय में कैंडल मार्च निकाला जायेगा।
3. दिनांक-12 जून, 2025 को जिला मुख्यालय (समाहरणालय) के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन।
4. दिनांक- 15 जून, 2025 को राँची में एकदिवसीय राज्यस्तरीय धरना प्रदर्शन।