चाईबासा में कांग्रेस को बड़ा झटका: नगर अध्यक्ष के निलंबन के विरोध में पूरी नगर कमेटी ने दिया सामूहिक इस्तीफा

चाईबासा में कांग्रेस को बड़ा झटका: नगर अध्यक्ष के निलंबन के विरोध में पूरी नगर कमेटी ने दिया सामूहिक इस्तीफा



संतोष वर्मा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी में मचे घमासान के बीच आज चाईबासा नगर कांग्रेस कमेटी ने बगावती रुख अपनाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। नगर उपाध्यक्ष, महासचिव और कई वार्ड अध्यक्षों सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पदों को त्यागने का पत्र जिला अध्यक्ष रंजन बोइपाई के नाम कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंप दिया है।

इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व द्वारा चाईबासा नगर अध्यक्ष मो. सलीम को निलंबित करना और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विपरीत दूसरे व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करना एक गलत और जमीनी सच्चाई से दूर लिया गया फैसला है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी के इस निर्णय से समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा का अपमान हुआ है।

सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि, "पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जमीन स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया है। जब हमारी राय का कोई मोल नहीं है, तो हम इस व्यवस्था का हिस्सा नहीं बने रह सकते। हम सभी एकमत होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।

यह सामूहिक इस्तीफा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय को सौंप दिया गया है। राजनीतिक गलियारों में इस इस्तीफे को आगामी चुनाव और संगठन की मजबूती के लिए एक बड़े नुकसान के तौर पर देखा जा रहा है।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post