चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा नव निर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश एवं पार्षद विकास शर्मा का सम्मान समारोह का किया आयोजन
संतोष वर्मा
Chaibasaःचाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एवं आजीवन ट्रस्टी नितिन प्रकाश के चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने तथा चेंबर के कार्यकारिणी सदस्य विकास शर्मा के वार्ड पार्षद के रूप में निर्वाचित होने के उपलक्ष्य में चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह को संबोधित करते हुए चेंबर के निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल ने कहा कि यह चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि चेंबर परिवार से जुड़ा एक समर्पित और सक्रिय सदस्य आज चाईबासा नगर का प्रथम नागरिक बना है। उन्होंने कहा कि श्री नितिन प्रकाश हमेशा से ही चेंबर के हितों और शहर के विकास के प्रति समर्पित रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नितिन प्रकाश ने चेंबर के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी नगरहित में वर्षों से सक्रिय योगदान देते आ रहे हैं। ऐसे समर्पित और अनुभवी नेतृत्व के कारण उन्हें पूर्ण विश्वास है कि *नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में नितिन प्रकाश चाईबासा शहर के विकास को एक नई दिशा और आयाम देंगे।
चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें नितिन प्रकाश के साथ निकटता से कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि जब नितिन प्रकाश चेंबर के अध्यक्ष थे, उस समय वे स्वयं चेंबर के सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नितिन प्रकाश एक कर्मठ, दूरदर्शी और सकारात्मक सोच वाले व्यक्तित्व के धनी हैं। उनकी कार्यशैली हमेशा प्रेरणादायक रही है और उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में चाईबासा नगर परिषद शहर के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य करेगी।इस अवसर पर अपने संबोधन में नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चेंबर के साथ उनका जुड़ाव बहुत पुराना और आत्मीय रहा है। उन्हें चेंबर में *कार्यकारिणी सदस्य से लेकर अध्यक्ष पद तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर मिला, जिसके दौरान सभी सदस्यों से उन्हें निरंतर स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष बनने के साथ ही चेंबर के सभी सदस्यों की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं।शहर के विकास, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिक समस्याओं के समाधान में चेंबर की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि हम सब मिलकर चाईबासा को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
समारोह के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नितिन प्रकाश एवं विकास शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से चेंबर के मुख्य ट्रस्टी अनिल खिरवाल, ट्रस्टी ललित शर्मा, वरिष्ठ पूर्व उपाध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर, संस्थापक सदस्य मनोज कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल एवं दुर्गेश खत्री, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान एवं विवेक सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य पीयूष गोयल,निशान चौबे, सौरभ गुप्ता, पंकज चिरानिया,विकास गोयल, राकेश अग्रवाल, गोपाल दाहिमा, अभिषेक मिश्रा, अंचल पसारी, सरदार जसप्रीत सिंह भामरा,शिबुलाल अग्रवाल, पवन अग्रवाल, दीपक प्रसाद, बाबू लाल विजयवर्गी, कन्हैया लाल अग्रवाल, पिंटू अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, आदित्य विक्रम सारदा, निखिल अग्रवाल, गौतम राठौर, राजेश अग्रवाल सहित चेंबर के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सफल कार्यकाल की कामना की।



