सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया। सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तीतीरबिल्ला पुल के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के क्रम में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल दो लाख सैंतीस हजार पांच सौ रुपये की दंडात्मक राशि की वसूली की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के वाहन चलाने से बचने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।
