सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बलरामपुर स्थित वृंदावन कॉलोनी में नाले की समस्या को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई परिवारों को अपना घर छोड़कर किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मामला गम्हरिया प्रखंड के बलरामपुर स्थित वृंदावन कॉलोनी में नाले की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि बलरामपुर के एनकेएस मैदान के आसपास रहने वाले लोगों और सड़क का गंदा पानी सीधे उनकी बस्ती में छोड़ दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर इस समस्या का समाधान करने की कोशिश की थी, लेकिन कुछ दबंग लोगों के कारण जबरन उनकी जमीन में पाइपलाइन बिछा दी गई और नाले का गंदा पानी सीधे उनके घरों के दरवाजे तक पहुंचा दिया गया। बजबजाती नालियों और गंदे पानी के कारण बस्ती में रहने वाले छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई परिवार अपना घर छोड़कर किराए के मकान में रहने को मजबूर हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे गम्हरिया के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी और सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। परेशान लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही नाले की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
