चाईबासा/संतोष वर्मा: बुधवार को नोवामुण्डी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यकर्ता हासिलुद्दीन खान पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस कमेटी ने कहा कि 21 जनवरी 2025 को हासिलुद्दीन खान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फोन पर धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनजीत प्रधान ने इस मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। कमेटी ने कहा कि, "हासिलुद्दीन खान को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए। यदि वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उलझने की कोशिश करेंगे तो इसका करारा जवाब दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता ईंट का जवाब पत्थर से देना जानती है।"
पुतला दहन का सिलसिला जारी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान के नेतृत्व में नोवामुंडी बाजार में एक बार फिर कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित राज और प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडे का पुतला फूंका गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ता हासिलुद्दीन खान को जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
क्या है मामला?
भाजपा से जुड़े रहे हासिलुद्दीन खान को कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि, उन्होंने 7 जनवरी 2025 को भाजपा से इस्तीफा देने की बात कही थी, लेकिन उनके इस्तीफे के औपचारिक स्वीकार होने की पुष्टि अब तक नहीं हुई है। इसके अलावा, हासिलुद्दीन खान ने कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक सदस्यता भी नहीं ली है।
इस नियुक्ति को लेकर जिला और प्रखंड कांग्रेस कमेटियों में भारी असंतोष है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला और प्रखंड कांग्रेस को बिना विश्वास में लिए भाजपा कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष बनाना संगठन के सिद्धांतों के खिलाफ है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक हासिलुद्दीन खान की नियुक्ति रद्द नहीं की जाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। नोवामुंडी और आसपास के इलाकों में इस विवाद ने कांग्रेस संगठन में आंतरिक संघर्ष को उजागर कर दिया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले को कैसे सुलझाता है।
मुख्य रूप से उपस्थित कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनजीत प्रधान, असंगठित कामगार जिला कार्यकारी अध्यक्ष सूरज मुखी, कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष रूपसिंह लागूरी, प्रदीप प्रधान, रघुनाथ राउत, विस्वकार दास, ममूर अंसारी, दानिश हुसैन, सुरेश प्रजापति, एमडी जावेद, यशवीर चैंपिय, सूरज चैंपिय, क्रांति तेरिया,अजय हेंब्रम, रामविलास प्रजापति, नरेश बारिक, इरफान खालिद, प्रेम किशोर प्रजापति, राम दास, विकी प्रजापति, सपन गुछायत, राज बाहेर, सावन शर्मा.