गम्हारिया: गम्हारिया थाना क्षेत्र में हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का सफल उद्भेदन किया है। गम्हारिया थाना कांड संख्या-76/25, दिनांक 28.07.2025, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/3(5)/126(2)/115(2) के तहत दर्ज इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला ग्राम रामचंद्रपुर निवासी वांगी टुडु द्वारा दिए गए आवेदन पर आधारित है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके पति सुखराम टुडु पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस हमले के पीछे मुख्य अभियुक्त सुजीत घोष एवं अन्य अज्ञात अपराधियों की संलिप्तता की बात सामने आई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुजीत कुमार घोष (उम्र 42 वर्ष, ग्राम-रामचंद्रपुर) तथा एक अन्य आरोपी सामु हांसदा (उम्र 19 वर्ष, वर्तमान निवासी रामचंद्रपुर, स्थायी निवासी बासीला, थाना- पोटका, जमशेदपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध को स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का हथियार गुप्ती (भुजाली) भी बरामद किया गया है।
बरामद वस्तु:
लोहे का धारदार हथियार (गुप्ती/भुजाली)
गिरफ्तार आरोपी:
1. सुजीत कुमार घोष – उम्र 42 वर्ष, निवासी रामचंद्रपुर
2. सामु हाँसदा – उम्र 19 वर्ष, निवासी रामचंद्रपुर (स्थायी पता: बासीला, पोटका)
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
पु०नि० सह थाना प्रभारी कुणाल कुमार
पु०अ०नि० ललन रविदास
पु०अ०नि० अरुण कुमार महतो
पु०अ०नि० अभय कुमार
गम्हारिया थाना पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से यह गंभीर मामला सुलझा लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है एवं आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।