सरायकेला/गम्हरिया: विद्या ज्योति विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह “एडियोस अमीगो” उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खुशियों, यादों और विदाई के भाव से सराबोर नजर आया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। मंच पर नृत्य, संगीत और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने अपने विद्यालयी जीवन की यादों को साझा किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न उपाधियों का वितरण रहा। विभिन्न चरणों के बाद विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के आधार पर सम्मानित किया गया। मिस्टर वी.जे.एस. का खिताब आयुष कुमार को मिला, जबकि मिस वी.जे.एस. बनीं कुमारी आस्था। मिस्टर चार्मिंग गौरव और मिस चार्मिंग प्राची चुनी गईं। मिस्टर फैशनिस्टा उत्कर्ष और मिस फैशनिस्टा सलोनी रहीं। मिस्टर ग्रेसफुल युवराज, मिस कूल कस्तूरी, मिस्टर जिम फ्रीक मयंक और मिस एथलेटिक राधा को सम्मानित किया गया।
सभी विजेताओं ने मंच पर अपने आत्मविश्वास और अनुशासन से निर्णायकों व दर्शकों को प्रभावित किया। ये उपाधियां छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का प्रतीक रहीं। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। “एडियोस अमीगो” समारोह विद्यालय जीवन की मधुर स्मृतियों और नए अध्याय की शुरुआत के रूप में यादगार बन गया।
