चाईबासा नगर परिषद चुनावः भाजपा प्रत्याशी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू खिरवाल की विस्तारित वोट अपील
भारतीय जनता पार्टी समर्पित चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू खिरवाल को चुनाव चिन्ह “बिस्किट छाप
संतोष वर्मा
Chaibasaःभारतीय जनता पार्टी समर्पित चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू खिरवाल को चुनाव चिन्ह “बिस्किट छाप (क्रमांक संख्या 6)” प्राप्त होने के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र की जनता से समर्थन व आशीर्वाद के साथ मतदान की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने नगर के विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण से जुड़ी अपनी विस्तृत कार्ययोजना जनता के समक्ष रखी।
श्री खिरवाल ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे नगर परिषद को संवेदनशील, समावेशी और विकासोन्मुखी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं एवं उनके समाधान के साथ-साथ कई नए जनहितकारी संकल्पों की घोषणा की।
प्रमुख समस्याएं, योजनाएं एवं समाधान :
पेयजल व्यवस्था – प्रत्येक वार्ड में शुद्ध व नियमित जलापूर्ति हेतु पाइपलाइन सुदृढ़ीकरण, नए बोरिंग एवं जल टंकी की स्थापना।
सड़क एवं नाली – जर्जर सड़कों का निर्माण, पक्की नालियों की व्यवस्था एवं जलजमाव से मुक्ति।
स्वच्छता व कचरा प्रबंधन – डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई एवं स्वच्छ चाईबासा अभियान को प्रभावी बनाना।
मोहल्ला क्लीनिक का नवीकरण – नगर क्षेत्र के सभी मोहल्ला क्लीनिकों का नवीकरण कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना।
वंचित वर्ग को ‘मैया समान योजना’ से जोड़ना – जो पात्र महिलाएं और परिवार अब तक वंचित हैं, उन्हें योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास – नगर क्षेत्र में उपलब्ध खाली पड़ी जमीनों की पहचान कर भूमिहीन गरीब परिवारों को आवास बनाकर उपलब्ध कराना, ताकि हर गरीब के सिर पर पक्की छत हो।
तालाबों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण – नगर के सभी तालाबों का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और जल संरक्षण को बढ़ावा।
मंगल हाट, बस स्टैंड का विकास – मंगल हाट को सुव्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित करना एवं बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण व आधारभूत सुविधाओं का विस्तार।
श्मशान घाटों का सुंदरीकरण – नगर परिषद क्षेत्र के सभी जाति एवं धर्म के श्मशान घाटों का सम्मानजनक सुंदरीकरण, सड़क, लाइट, पानी और बैठने की व्यवस्था।
नगर परिषद सेवाओं में पारदर्शिता – जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स एवं अन्य सेवाओं को सरल, डिजिटल और समयबद्ध बनाना।
श्री खिरवाल ने कहा कि उनका संकल्प है “सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान” के मूल मंत्र पर चलते हुए चाईबासा को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर बनाना।
इस प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता बलमूचु एवं जिला प्रवक्ता जितेंद्र नाथ ओझा भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी की विकासपरक सोच और जनसेवा के संकल्प की सराहना करते हुए नगर की जनता से बिस्किट छाप (क्रमांक 6) पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
अंत में श्री खिरवाल ने चाईबासा की सम्मानित जनता से आग्रह किया कि वे नगर के उज्ज्वल भविष्य, गरीबों के कल्याण और सुशासन के लिए बिस्किट छाप (क्रमांक 6) पर मतदान कर उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करें।
