Saraikela Adityapur Firing: आदित्यपुर में दिनदहाड़े फायरिंग; बैटरी दुकान पर बाइक सवार अपराधियों ने चलाईं 4 गोलियां, बाल-बाल बचा दुकानदार


Saraikela/Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आदित्यपुर चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित एक बैटरी दुकान पर बाइक सवार अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट की बताई जा रही है। चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर दो बाइक सवार अपराधी पहुंचे और दुकान पर बैठकर काम कर रहे रवि नामक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस हमले में रवि बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है। दुकानदार संजय कुमार के अनुसार यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि नामक युवक ने बीती रात फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि इनवर्टर बनाने को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हो चुकी है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ है। हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post