LS Joba Majhi demanded to provide road in Saranda region: सारंडा क्षेत्र के लिए जोबा माझी ने केंद्र से की पीएम सड़क योजना देने की मांग

-लोस में बजट सत्र के दौरान अनुपूरक अनुदान पर बोलते हुए सांसद ने सिंहभूम और झारखंड के लिए कई मांगों को प्रमुखता से रखा


चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद और लोकसभा में झामुमो संसदीय दल के नेता जोबा माझी ने गुरूवार को बजट सत्र के अनुपूरक अनुदान के दूसरे फेज में बाेलते हुए सिंहभूम संसदीय क्षेत्र एवं झारखंड राज्य से संबंधित कई मांगों को प्रमुखता से रखा। जोबा माझी ने सदन में कहा कि वे सारंडा जैसे क्षेत्र से आती हैं, जहां जगह-जगह आईईडी बिछे हुए है और आए दिन विस्फोट की घटनाएं होती रहती है। जिसमें जवानों के साथ आम ग्रामीण भी अपने जान गंवा रहे है। सांसद ने केंद्र सरकार से सारंडा क्षेत्र के लिए अधिक से अधिक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की स्वीकृति देने की मांग की। इसके साथ सांसद जोबा माझी ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि काफी कम है। वहीं उन्होंने तीन साल तक झारखंड को इस योजना से अलग रखने का मुद्दा उठाते हुए सीएम हेमंत सोरेन को धन्यवाद देते हुए कहा उन्होंने राज्य के अपने आंतरिक संसाधन से अबुआ आवास योजना शुरू कर राज्य के लोगों को राहत देने का काम किया है।

जोबा माझी ने सरकार से पीएम आवास योजना के तीन साल के बकाया राशि निर्गत करने की मांग की। सांसद ने सदन में बाेलते हुए झारखंड में अधूरे नलजल योजना को जल्द पूरा करने, एकलव्य विद्यालयों में शिक्षक, रसोइयां आदि की व्यवस्था कर जल्द कक्षा संचालन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालयों का निर्माण करा दिया गया है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण कई विद्यालयों में पढ़ाई शुरू नहीं की गई है। उन्होंने सारंडा के खनन क्षेत्रों में लाल पानी की समस्या को उठाते हुए कहा सेल केंद्र सरकार की उपक्रम है, लेकिन आम लोगों की आवश्यकताओं पर सेल का ध्यान नहीं रहता है। उन्होंने खनन क्षेत्रों में लाल पानी से प्रभावित लोगों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post