जंगलों में फिर भड़की आग, वन विभाग ने जताई चिंता
संतोष वर्मा
Chaibasaः गर्मी की शुरुआत होते ही एक बार फिर जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। गुवा से बड़ाजामदा जाने वाले रास्ते के किनारे स्थित जंगलों में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगा दी जा रही है, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।वन विभाग की ओर से लगातार ग्रामीणों को जंगल में आग नहीं लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग महुआ चुनने में आसानी के लिए जंगलों में आग लगा देते हैं। वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर लोग जमीन पर गिरे महुआ को साफ देखने के लिए सूखे पत्तों में आग लगा देते हैं, जिससे आग तेजी से फैल जाती है। जंगल में आग लगने से पेड़-पौधों के साथ-साथ कई दुर्लभ जीव-जंतु भी इसकी चपेट में आ जाते हैं, जिससे वन्यजीवों को भारी नुकसान होता है। वन विभाग के अनुसार जैसे ही जंगल में आग लगने की सूचना मिलती है, वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के कार्य में जुट जाती है। साथ ही विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों को आग से बचाने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की आग लगने की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
