सरायकेला: सरायकेला–खरसावाँ जिले में विश्व जल दिवस पखवाड़ा के तहत आज “विश्व प्लंबर दिवस” मनाया गया। जिले के कुचाई, खरसावाँ, राजनगर और सरायकेला प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पेयजल आपूर्ति योजनाओं के सफल संचालन और रखरखाव में प्लंबरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। पाइपलाइन की नियमित जांच, लीकेज की रोकथाम और समय पर मरम्मत से ही लोगों को निर्बाध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस मौके पर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पेयजल स्रोतों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जल संसाधनों का सही उपयोग और सामुदायिक सहभागिता से ही भविष्य में जल संकट की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता, ब्लॉक वाश समन्वयक, मुखिया, जलसहिया सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित रहे।


