Saraikela: आदित्यपुर में रामनवमी और हिंदू नव वर्ष की तैयारी तेज


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में रामनवमी और हिंदू नव वर्ष को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एस टाईप कॉलोनी स्थित श्रीश्री हनुमान मंदिर परिसर में केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा कमिटी की बैठक में आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

केन्द्रीय अध्यक्ष देवांग चन्द्र मुखी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि 27 मार्च को सभी अखाड़ों में विधि-विधान के साथ रामनवमी पूजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 28 मार्च को भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें आदित्यपुर, गम्हरिया और सपड़ा-उत्तमडीह क्षेत्र के कुल 18 अखाड़ा समितियां हिस्सा लेंगी। जुलूस के दौरान आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में विभिन्न अखाड़ों के युवाओं द्वारा पारंपरिक खेलों और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

वहीं चैत्र हिंदू नव वर्ष के अवसर पर 18 मार्च को आदित्यपुर से गम्हरिया तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा आदित्यपुर के जागृति मैदान से शुरू होकर टायो कॉलोनी मैदान तक जाएगी। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।

बैठक में आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा क्षेत्र के कई अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और रामनवमी महोत्सव को भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर सहमति जताई।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post