सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर

 सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर


संतोष वर्मा

Chaibasaः सारंडा के पहाड़ी क्षेत्र में शनिवार 15 मार्च की रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। रात करीब 8 बजे से शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किरीबुरू और मेघाहातुबुरू शहर में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब 20 मिनट तक लगातार हुई ओलावृष्टि के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों, मैदानों और खुले स्थानों पर बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गई। ओलों की इतनी अधिक मात्रा थी कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका सफेद चादर से ढका हुआ नजर आने लगा। लगातार गिरते ओलों के कारण शहर के चारों ओर सड़कों, मैदानों और घरों के आसपास बर्फ के टुकड़े बिखरे पड़े रहे। ओलों की मार से पेड़-पौधों के पत्ते झड़ गए और कई स्थानों पर छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा। तेज ओलावृष्टि की वजह से वाहनों, घरों की एस्बेस्टस शीट और खुले में बंधे पशुओं को भी क्षति पहुंचने की सूचना है। वहीं तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों के बिस्तर, कपड़े और घरेलू सामान भी भीगकर खराब हो गए। अचानक आई इस मौसम की मार से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। 



ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर फलदार पेड़ों पर पड़ा है। आम और लीची के पेड़ों में इस समय आए टिकोला और मंजर ओलों की मार से बड़ी मात्रा में गिर गए। इससे स्थानीय किसानों और घरों में लगे फलों के पेड़ों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस तेज बारिश से एक राहत की खबर भी सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से सारंडा के जंगलों में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस वर्षा ने जंगलों में लगी आग को काफी हद तक शांत करने में मदद की है, जिससे वन क्षेत्र को राहत मिली है। ओलावृष्टि और तेज बारिश के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए शहर की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी। बाद में मौसम सामान्य होने के बाद बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया गया।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post