केंदुझर का घड़घडी शिवालय बना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र


सरायकेला/दीपक कुमार दारोघा : ओड़ीसा के केंदुझर जिला, सदर प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत के टंगरपलसा गांव स्थित घड़घडी शिव मंदिर भक्त श्रद्धालु, पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।


इसी मंदिर परिसर में कपिलेश्वर महादेव के अलावे माता पार्वती का भी भव्य मंदिर है। पहाड़ी पर स्थित इस शिवलिंग के संबंध में बताया जाता है कि वर्ष 1969 में गांव के भगवान महंती, रामेश्वर नायक सहित कई लोगों को रात्रि में सपना हुआ। इन लोगों ने ग्रामीणों को बताया। पहाड़ी पर निर्दिष्ट स्थान पर ग्रामीण पहुंचे। आसपास खुदाई के दौरान शिवलिंग मिला। तब से विधि विधान से इस स्थान में भगवान शिव की पूजा अर्चना हो रही है।


इस दौरान ओड़ीसा सहित आसपास पड़ोसी प्रदेश में भी शिव की महिमा से लोग अवगत होते गए। लोगों की आस्था बढ़ती गई। स्थिति यह है कि अब यह स्थान एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो चुका है।


मंदिर परिसर में श्री जगन्नाथ मंदिर, बजरंगबली मंदिर भी है। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस स्थान में पार्क भी है। जहां पर्यटक कुछ समय प्रकृति के गोद में आनंद की अनुभूति करते हैं। कपिलेश्वर सांस्कृतिक परिषद की देखरेख में यहां हर वर्ष उत्सव का भी आयोजन होता है। पिछले दिनों 8 मार्च से 10 मार्च तक हुई भव्य उत्सव में असंख्य भीड़ रही।


परिषद के पद्मलोचन नायक ने बताया कि 1969 से पूजा अर्चना हो रही है। पहले एक झोपड़ीनूमा ढांचा था। यहां भगवान शिव पूजे जाते थे। बाद में भव्य मंदिर बना। परिषद के अध्यक्ष विजय कुमार एवं संपादक (सचिव) गौर चंद्र नायक है। वर्तमान पुजारी चितरंजन मिश्र, देवेंद्र मिश्र की सक्रियता दिखी।
श्री नायक ने बताया कि भक्त श्रद्धालुओं की बाबा के प्रति आस्था बढ़ा है। झारखंड, बंगाल, बिहार से भी भक्त श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।


बताते चलें कि मंदिर परिसर में बुद्ध देव की शांति प्रतिमूर्ति के अलावे भगवान विष्णु की अनंत सज्जा भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है।
सबसे मुख्य बात यह है कि अर्धनारीश्वर की आदमकद प्रतिमा यहां दर्शक, भक्त श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। लोगों के लिए यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post