अपनी असफलता छिपाने के लिए भाजपा आपातकाल पर ड्रामा कर रही है : कांग्रेस
संतोष वर्मा
Chaibasa : प०सिंहभूम जिला के कांग्रेसियों ने गुरुवार को आरोप लगाया कि देश में अघोषित आपातकाल लागू है। उन्होंने भाजपा सरकार पर अपनी प्रशासनिक विफलता को छिपाने के लिए संविधान हत्या दिवस का नाटक करने का आरोप लगाया। आपातकाल की पचास वीं वर्षगांठ पर भाजपा के कटाक्ष पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जिस सरकार में सहनशीलता नहीं है और जो भाईचारे और आजादी को पनपने नहीं देती, उसे दूसरों को उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है । कांग्रेस भवन , चाईबासा में आयोजित एक बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने भाजपा-आरएसएस की आलोचना की और कहा कि जिन लोगों ने देश की आजादी, संविधान निर्माण में कोई भूमिका नहीं निभाई और बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान को खारिज कर दिया, वे आपातकाल लागू होने के पचास साल बाद आपातकाल का मुद्दा उठा रहे है। प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके और उनके शासन के कारण संविधान खतरे में है। मोदी सरकार में अभिव्यक्ति की कोई आजादी नहीं है।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि भाजपा कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा से घबरा गई है और इसलिए पचास साल पहले के आपातकाल के मुद्दे को उठा रही है। भाजपा शासन में विफल रही और अपनी विफलता को छिपाने के लिए आपातकाल के मुद्दे पर ड्रामा कर रहे है। लोग महंगाई से परेशान है, सरकार के पास बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आर्थिक असफलता पर कोई जवाब नहीं है। आगे त्रिशानु राय ने कहा कि आर्थिक असमानताएं इतनी बढ़ गई है कि उन्हें पाटा नहीं जा सकता। देश में वर्तमान में अघोषित आपातकाल है। उन्होंने मणिपुर के हालात से निपटने के तरीके को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
आगे कांग्रेसियों ने एक स्वर में कहा पिछले ग्यारह वर्षों में भारतीय लोकतंत्र पर व्यवस्थित और खतरनाक तरीके से पांच गुना ज्यादा हमला हुआ है, जिसे अघोषित आपातकाल कहा जा सकता है। केंद्र सरकार संसद को कमजोर कर रही है और संवैधानिक निकायों की स्वायत्तता को खत्म कर रही है। मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा , नगर अध्यक्ष मो.सलीम , प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां , सकारी दोंगो , वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां , अशोक सुंडी , मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडरी , प्रखंड महासचिव गोपी बोदरा ,सोमाय सुंडी , कार्यालय सचिव सुशील दास , मिल्टन सुंडी आदि मौजूद थे ।