युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव का हुआ ऐलान
नेता बनो, नेता चुनो अभियान के पोस्टर का हुआ लोकार्पण
संतोष वर्मा
Chaibasa: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा झारखंड प्रदेश में संगठनात्मक चुनावों की घोषणा की गई है। प०सिंहभूम जिला में चुनाव ब्लॉक, विधानसभा, जिला एवं राज्य स्तर पर कराए जाएंगे, इस कड़ी में चुनाव के पूर्व सोमवार को चक्रधरपुर में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा के द्वारा राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के समन्वयक सह जिला चुनाव समन्वयक आशीष चौहान की उपस्थिति में नेता बनो, नेता चुनो अभियान के पोस्टर का लोकार्पण तथा प्रेस- वार्ता आयोजित किया गया।
प्रेस- वार्ता को संबोधित करते हुए आशीष चौहान ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है।भारतीय युवा कांग्रेस देश का ऐसा पहला राजनीतिक संगठन है, जो आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के ज़रिए योग्य नेतृत्व को सामने लाने का कार्य करता है। यह चुनाव पारदर्शिता, निष्पक्षता और स्वतंत्रता के सिद्धांतों पर आधारित होंगे, जिसमें प्रत्येक उम्मीदवार को अपने क्षेत्र से निर्वाचित होकर नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया भारत की राजनीति में एक ऐतिहासिक और सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की लोकतांत्रिक और युवावादी सोच से दिशा मिली है। जब वे भारतीय युवा कांग्रेस और राष्ट्रीय छात्र संघ के प्रभारी थे, तब उन्होंने संगठन में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूती से स्थापित करने की नींव रखी थी।भारत एक नए युग की शुरुआत देख रहा है, जहाँ युवा नेता अब सीधे सदस्यता से चुने जाएंगे। नेताओं को नामांकित करने के बजाय चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से लाना भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक विकास है। इस चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से ईमानदार, कर्मठ एवं समर्पित युवाओं को राजनीति की मुख्यधारा में लाना, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। भारतीय युवा कांग्रेस उन सभी युवाओं से आग्रह करती है, जो समाज और देश की सेवा में रुचि रखते है, कि वे आगे आएं और इस ऐतिहासिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनें। चुनाव से पहले अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन व प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली, नेतृत्व विकास और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि यह एक ऐसा दुर्लभ अवसर है, जिसमें युवा अपने समुदाय व देश की सेवा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व के लिए एक साफ-सुथरा और पारदर्शी राजनीतिक करियर बना सकते है।
यह सिर्फ सदस्यता नहीं, युवा नेतृत्व की दिशा में पहला कदम है। प०सिंहभूम जिले का हर जागरूक युवा अब कांग्रेस से जुड़कर बन सकेगा बदलाव का चेहरा। मौके पर मुख्य रूप से युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल,प्रदेश महासचिव दीनबंधु बोयपाई ,जिला अध्यक्ष प्रीतम बांकिरा,जिला महासचिव सन्नी राॅबर्ट अंथोनी, जगन्नाथ प्रधान, जिला सचिव प्रतीक कुमार, प्रखंड अध्यक्ष साहेब हेंबरोम, वीरेंद्र जोंको,मदन ,अजय सहित अन्य लोग मौजूद थे।
*चुनाव कार्यक्रम निम्म्वत है :*
• नामांकन अभियान: 27 जून 2025 से 03 जुलाई 2025 तक
• आपत्ति प्रस्तुत करने की तिथि: 27 जून 2025 से 04 जुलाई 2025 तक
• नामांकन अंतिम रूप देने की तिथि: 09 जुलाई 2025
• आयु सीमा: 18 से 35 वर्ष (जन्म तिथि 28.06.1990 से 27.06.2007 के बीच होनी चाहिए)
• आवश्यक शर्त: भारतीय युवा कांग्रेस की सदस्यता अनिवार्य
• विवरण एवं आवेदन हेतु वेबसाईट: www.ycea.in