डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा में क्लस्टर लेवल फूटबॉल टुर्नामेंट आयोजित
संतोष वर्मा
Chaibasa ः शुक्रवार को डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी की ओर से नेशनल स्पोर्ट्स 2025-26 के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा की मेजबानी में क्लस्टर लेवल फूटबॉल टुर्नामेंट का आयोजन गुवा क्लब के खेल के मैदान में किया गया। जिसमें कलस्टर लेवल के कुल 6 डीएवी विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी आदित्यपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर जमशेदपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल बहरागोड़ा, डीएवी पब्लिक स्कूल बुंडू, डीएवी पब्लिक स्कूल चिरिया एवं डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा ने इस क्लस्टर में फुटबॉल मैच खेला। मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएल सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक कमल भास्कर उपस्थित थे। इस दौरान मुख्य अतिथि कमल भास्कर ने कहा खेलकूद आपसी सद्भाव बढाते हैं। डीएवी गुवा की मेजबानी में डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी की ओर से क्लस्टर लेबल का फुटबॉल मैच पहली बार हुआ।
यह गुवा प्रबंधन और गुवा के लिए सौभाग्य की बात है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं होते रहनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि श्रीमती स्मिता भास्कर अध्यक्षा महिला समिति भी इस अवसर पर कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थीं। स्मिता भास्कर के आगमन से बच्चों में उत्साह का संचार हुआ। उन्होंने सबको संबोधित करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा समुचित व्यवस्था का आश्वासन दिया। प्राचार्या माधवी पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा सफलता कोई अनायास नहीं मिलती। यह परिश्रम, अभ्यास, पढाई, त्याग और सबसे ज्यादा रुचि और लगन का परिणाम होता है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। ये शारीरिक क्षमता का ही विकास नहीं करते अपितु नेतृत्व कौशल और अनुशासन भी सिखाते हैं। डीएवी गुवा के सुपरवाइजरी हेड पीके आचार्य ने इस अवसर पर सबको संबोधित करते हुए कहा जीवन में खेल की एक महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह मानव का शारीरिक, मानसिक एवं सात्विक विकास करते है। खेल अनुशासन का दिशानिर्देश प्रदान करता है।
हर व्यक्ति को किसी न किसी खेल में भाग लेना चाहिए। यह मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास करता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता का संचार करता है। इस अवसर पर सेल पदाधिकारी अर्णव डे जीएम एजूकेशन, जीएम फाइनेंस अनुपम कुमार, सुमन कुमार डीजीएम माइनिंग, प्रकाश चंद्रा डीजीएम फाइनेंस, टीसी आनंद जीएम ई एंड एल सहित कई उच्चाधिकारी कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। डीएवी पब्लिक स्कूल चिरिया के प्राचार्य शिव नारायण सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत आए हुए अतिथियों का स्वागत डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा की प्राचार्या माधवी पांडेय एवं शिक्षक -शिक्षिकाओं द्वारा तिलक लगाकर, मोमेंटो देकर एवं शॉल ओढ़ाकर किया गया। तदुपरांत अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का परिचय लिया गया। संगीत शिक्षक योगेन्द्र नाथ त्रिपाठी एवं छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि कमल भास्कर ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतिस्पर्धा का श्रीगणेश किया। डीएवी पब्लिक बिस्टुपुर अंडर 19 एवं डीएवी बुंडू अंडर 17 एवं अंडर 14 को गोल्ड मैडल मिला। अंडर -19 डीएवी गुवा को सिल्वर, अंडर 17 डीएवी चिरिया एवं अंडर 14 डीएवी बिस्टुपुर को सिल्वर मैडल मिला है। ये सभी टीमें जोनल लेबल पर खेलने जाएंगी। कार्यक्रम का मंच संचालन अवंतिका कक्षा बारह्वीं, दक्षा मिश्रा, गायत्री रवींद्र दुधे एवं अज़हर खान ने किया।
हिंदी शिक्षक ललित कुमार बेहरा एवं रेवंत कुमार कक्षा छठवीं अ की कमेंट्री ने खिलाड़ियों और दर्शकों का मन मोह लिया। सारा अली अंसारी ने संगीत के माध्यम से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर गुआ वासी एवं श्री एसएन सिंह प्राचार्य डीएवी चिरिया सहित विविध डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।