गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-2 प्रखंड के बनतानगर वासियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा कई महीनों से उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, मई, जून, जुलाई से लेकर अब तक यानी अक्टूबर माह तक का राशन उन्हें नहीं मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर के द्वारा पूर्व में ही अंगूठा लगाया गया है और अब तक राशन नहीं दिया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि डीलर पहले से ही तीन माह का राशन अग्रिम दिखाकर उठा चुका है, लेकिन लोगों तक उसका लाभ नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, जब ग्रामीण डीलर से सवाल करते हैं तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि "राशन आया ही नहीं है"। वहीं, जो राशन मिलता भी है, उसमें वजन सही तरीके से नहीं दिया जाता है।
ग्रामीण ने बताया कि हम लोग कई महीने से राशन से वंचित हैं। डीलर मनमानी कर रहा है। विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। ग्रामीणों ने खाद्य विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें समय पर राशन मिल सके।
