अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
एस० आर० रूंगटा ग्रुप को पराजित कर सेरसा चक्रधरपुर फाईनल में
संतोष वर्मा
Chaibasaःदीपक यादव की शानदार शतकीय पारी (131 नाबाद) की बदौलत गत वर्ष की उपविजेता टीम सेरसा चक्रधरपुर ने एस० आर० रूंगटा ग्रुप को 61 रनों से पराजित कर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब फाईनल में इसका मुकाबला गत वर्ष की चैंपियन टीम मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा से परसों यानी बुधवार 18 फरवरी को होगा।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस एस० आर० रुंगटा ग्रुप के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेरसा चक्रधरपुर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित तीस ओवर में मात्र चार विकेट के नुकसान पर 291 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए दीपक यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी का परिचय देते हुए ग्यारह चौके एवं आठ छक्के की सहायता से 131 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुआ। अन्य बल्लेबाजों में डेविड सांगा ने 55, सुदीत ठाकुर ने 37, ए पवन कुमार ने 15, सत्यम त्रिपाठी ने 14, हिमांशु शर्मा ने 12 तथा कमल गोप ने नाबाद 11 रन बनाए। एस आर रूंगटा ग्रुप की ओर से गेंदबाजी करते हुए मो० वसीम, अभिषेक कच्छप एवं नीतीश कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किए जबकि एक खिलाड़ी रन आउट का शिकार हुआ।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस० आर० रूंगटा ग्रुप की टीम ने भी मैच जीतने का भरसक प्रयास किया पर पूरी टीम 26.3 ओवर में 230 रन ही जुटा पाई और 61 रनों के अंतर से लक्ष्य से दूर रह गई। एस० आर० रूंगटा ग्रुप की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने पाँच चौके एवं चार छक्के की सहायता से 59 रन, रौशन साहु ने चार चौके एवं एक छक्का की मदद से 30 रन, कुलदीप मंडल ने 28, विजय रोहित ने 24, राजदीप कुमार ने 20 तथा कृष्णा महतो ने 15 रन बनाए। सेरसा चक्रधरपुर की ओर से अमित दास ने 58 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। प्रकाश सीट, आदित्य सिंह एवं हिमांशु शर्मा को दो-दो सफलता हाथ लगी।
10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में एक बार फिर गत वर्ष की विजेता टीम एम० सी० सी० चाईबासा एवं उपविजेता टीम सेरसा चक्रधरपुर खिताबी भिड़ंत के लिए एक बार फिर आमने-सामने होगी। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि इस बार जीत का सेहरा किसके सर पर चढ़ेगा।
