चाईबासा: मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों से आये ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात कर समस्याएं बतायी और समाधान की मांग की। जनता दरबार में विशेष रूप से अबुआ आवास योजना के दर्जनों लाभुकों ने विधायक के समक्ष आवास निर्माण से संबंधित परेशानी बतायी। लाभुकों ने कहा ईंट और निर्माण सामग्री महंगा होने के अलावा ट्रांसपोर्टिंग में अधिक खर्च आ रहा है। जिस कारण आवास निर्माण में छत ढलाई में परेशानी आ रही हैं। लाभुकों ने छत ढलाई के बदले एस्बेस्टस लगाने की अनुमति दिलाने की मांग की।
जिसपर विधायक ने कहा लाभुकों की परेशानी को देखते हुए छत ढलाई के बदले एस्बेस्टस लगाने की अनुमति मिले इसे लेकर वह सरकार के समक्ष बातों को रखेंगे। साथ ही आश्वासन दिया कि सरकार के स्तर से कोई रास्ता निकले इसके लिए वह भरसक प्रयास करेंगे। जनता दरबार में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डेन सह शिक्षिका ने आवेदन सौंपकर हॉस्टल का रेलिंग और ध्वस्त चारदीवारी निर्माण एवं हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की। इसपर विधायक ने जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा जनता दरबार में अन्य लोगों ने बिजली, पानी एवं अन्य समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। जनता दरबार में उपस्थित बीडीओ विवेक कुमार ने कुछ मामलों का तत्काल निष्पादन किया।
इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया गणेश बोदरा, उप प्रमुख वरदान भुइयां, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम कोड़ाह, अकबर खान, प्रिंस खान, सुखमती बानरा, वसीम खान आदि उपस्थित रहे।