संविधान बचाओ रैली केवल एक राजनीतिक रैली नहीं यह लोकतंत्र की बुनियाद को बचाने का आह्वान है : कांग्रेस
चाईबासा: शनिवार को प०सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में कांग्रेस द्वारा आयोजित संविधान बचाओ रैली को लेकर कांग्रेसियों ने पार्टी कार्यालय के सभा कक्ष में शुक्रवार को पूर्ण तैयारी को लेकर अंतिम मंत्रणा बैठक किया।
रैली लगभग सुबह ग्यारह बजे कांग्रेस भवन, चाईबासा से निकलेगी जिसके बाद निम्म्वत मार्ग से शहीद पार्क चौक, सदर अस्पताल चौक, सदर थाना चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, घंटा घर चौक, कोर्ट मार्ग, सरदार पटेल चौक, सिंह जी होटल चौक, जैन मार्केट चौक, सदर थाना चौक, शहीद पार्क चौक होकर रैली पुनः कांग्रेस भवन, चाईबासा पहुँचेगी। जिसके बाद सभा कक्ष में एक सभा की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि संविधान बचाओ रैली केवल एक राजनीतिक रैली सभा नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र की बुनियाद को बचाने का आह्वान है। इस आयोजन के लिए जिला कांग्रेस कमिटी, प०सिंहभूम ने पूरी प्रतिबद्धता और मेहनत से तैयारी की है। विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रिया कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय द्वारा पूर्ण कर ली गई है। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यकाल में संविधान पर लगातार योजनाबद्ध तरीके से हमले किए जा रहे है। ऐसे कानून बनाए जा रहे है जो संविधान की मूल भावना को कमजोर करते है और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों को खुलकर कुचला जा रहा है।
कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ यह प्रण ले रखा है कि हम संविधान को खत्म नहीं होने देंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला के पर्यवेक्षक सह पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ.प्रदीप कुमार बलमुचू, जगन्नाथपुर के विधायक सह उप मुख्य सचेतक सत्तारुढ़ दल सोनाराम सिंकु तथा कांग्रेस के पदाधिकारी, सदस्य व वरीय कांग्रेसी उपस्थित रहेंगे।
मंत्रणा बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर दास, प्रवक्ता त्रिशानु राय, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां, राकेश सिंह, नगर उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, कार्यलय सचिव सुशील दास, जोसेफ केसरिया, रमेश बोदरा, राम लुगुन, विशाल बोदरा आदि मौजूद थे।