सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा से आस्था और भक्ति की भव्य तस्वीर सामने आई है, जहां चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर कलश यात्रा के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। चैत्र नवरात्र के पहले दिन कांड्रा में श्री श्री रामनवमी अखाड़ा युवक समिति कांड्रा बस्ती के बैनर तले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मुख्य मार्ग स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से शुरू होकर स्वर्णरेखा नदी तक पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे “जय श्री राम” और माता के जयकारों के साथ पूरे कांड्रा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान पूरे कांड्रा में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी महिलाएं और बच्चियों का उत्साह देखते ही बनता था। बाजार क्षेत्र को भगवा झंडों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, वहीं भजन और वाद्य यंत्रों की धुन से वातावरण गूंज उठा।
समिति अध्यक्ष लालबाबू महतो ने बताया कि अगले 9 दिनों तक मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। नवमी को विशेष पूजा और दशमी को विसर्जन के साथ भव्य अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा।
