Chaibasa-accident: डांगुआपोसी-पुरती दिघिया मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरलोड गिट्टी से भरी हाईवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों सहित महिला तथा दस वर्षीय बच्चा को मारी टक्कर

हादसे में एक युवक की हालत नाजुक है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ


जगन्नाथपुर/संतोष वर्मा: जगन्नाथपुर पश्चिम सिंहभूम जिले के डांगुआपोसी-पुरती दिघिया मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरलोड गिट्टी से भरी हाईवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों सहित महिला तथा दस वर्षीय बच्चा को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की हालत नाजुक है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घायल युवक सड़क पर मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई प्रशासनिक सहायता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलने पर कामगार कांग्रेस के प्रखंड उपाध्यक्ष बादल बेहरा ने प्रशासन और एंबुलेंस की व्यवस्था में मदद की। घायलों में डंगुआपोसी के उलिहातु गांव निवासी सुरे केराई, चुम्बरु केराई, महिला मसला हेस्सा और एक 10 वर्षीय बच्चा शामिल थे। ये सभी मागे परव मनाकर अपने गांव लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को नोवामुंडी स्थित टाटा मेन अस्पताल पहुंचाया। 

अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल सुरे केराई को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, डांगुआपोसी क्षेत्र में अवैध गिट्टी परिवहन धड़ल्ले से जारी है। गिट्टी खदानों और क्रेशर संचालकों की मिलीभगत से रोजाना बिना चालान और ओवरलोड वाहनों का आवागमन हो रहा है। इन वाहनों के चालक तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं, जिससे सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने कई बार इस अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ओवरलोड वाहनों की बेलगाम रफ्तार से लगातार लोग जान गंवा रहे हैं। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण यह अवैध कारोबार जारी है और निर्दोष लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post