सरायकेला: सिविल कोर्ट सरायकेला स्थित लोक अदालत भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा मासिक लोक अदालत सह मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री रामाशंकर सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय पीडीजे सह अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रभात कुमार तथा जिला बार एसोसिएशन के सचिव श्री देवाशीष ज्योतिषी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षित मध्यस्थगण, पैनल अधिवक्ता एवं अधिवक्ता संघ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को मध्यस्थता से संबंधित विषयों पर संवेदनशील बनाना तथा विधिक प्रावधानों की नवीनतम जानकारी प्रदान करना था।
श्री तौसीफ मिराज, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावाँ ने सभा को संबोधित करते हुए मध्यस्थता को एक प्रभावी विवाद निवारण साधन के रूप में बताया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी विषय पर अपने विचार रखे।
चर्चा के दौरान परिवार न्यायालय अधिनियम, Negotiable Instruments Act तथा अन्य संबंधित विधियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। माननीय पीडीजे सह अध्यक्ष महोदय ने मध्यस्थता की उद्देश्यता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे वादों के निस्तारण का त्वरित, किफायती एवं सौहार्दपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम का समापन इस आह्वान के साथ हुआ कि मध्यस्थता की जागरूकता को और अधिक व्यापक बनाया जाए ताकि वादियों एवं समाज को इसका अधिकाधिक लाभ प्राप्त हो सके।



